Ola Electric ने लॉन्च की स्कूटर की नई रेंज, अब मिलेगी 8 साल की बैटरी वारंटी, जानें डिटेल
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ओला इलेक्ट्रिक ने S1 इलेक्ट्रिक स्कूटर की एक नई रेंज लॉन्च की है। कंपनी के लाइन-अप में अब कुल छह इलेक्ट्रिक स्कूटर हैं।
EV निर्माता ने 4kWh बैटरी पैक के साथ S1X इलेक्ट्रिक स्कूटर का एक और नया वेरिएंट लॉन्च किया है।
यह सिंगल चार्ज पर 190 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। यह ओला के अब तक के सबसे महंगे और फीचर-लोडेड मॉडल S1 Pro के लगभग समान है। इसकी कीमत 1,09,99 रुपये है जबकि इसकी डिलीवरी अप्रैल से शुरू होगी।
इसके अलावा, ओला इलेक्ट्रिक ने भारत में अपने सेवा नेटवर्क में सुधार के साथ-साथ अगले कुछ महीनों के भीतर अपने ग्राहकों के लिए एक व्यापक ईवी चार्जिंग नेटवर्क प्रदान करने के लिए कई घोषणाएं भी की हैं।
ओला इलेक्ट्रिक के सीईओ और संस्थापक भाविश अग्रवाल ने कहा, "भारत की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक दोपहिया निर्माता अपने सेवा केंद्रों का 50 प्रतिशत विस्तार करेगी और अगली तिमाही के भीतर हाइपरचार्जर नेटवर्क का नौ गुना विस्तार किया जाएगा।"
ओला के वर्तमान में देश भर में लगभग 400 सर्विस सेंटर और लगभग 1,000 ईवी चार्जिंग पॉइंट हैं। ओला इलेक्ट्रिक इस साल अप्रैल तक पूरे भारत में 200 और सर्विस सेंटर खोलेगी। इससे ओला सर्विस सेंटरों की कुल संख्या बढ़ जाएगी
साथ ही, ओला इलेक्ट्रिक ने यह भी घोषणा की कि वह आने वाले दिनों में अपने ईवी चार्जिंग नेटवर्क का बड़े पैमाने पर विस्तार करेगी। कंपनी ने अगली तिमाही तक 10,000 चार्जिंग पॉइंट बनाने का फैसला किया है।
ओला इलेक्ट्रिक ने पूरे भारत में ओला हाइपरचार्जर नेटवर्क स्थापित किया है। जो मूल रूप से कंपनी के फास्ट चार्जर का एडवांस्ड वर्जन है। इसके अलावा, ओला इलेक्ट्रिक ने पोर्टेबल फास्ट चार्जर भी पेश किए हैं।
चार्जिंग सुविधा के लिए इन चार्जर को घर या कार्यालय में स्थापित किया जा सकता है। इस पोर्टेबल फास्ट चार्जर को आप 30,000 रुपये की कीमत पर खरीद सकते हैं।
आप इन ईवी फास्ट चार्जर्स को आज से खरीद सकते हैं। यह ओला स्कूटर के साथ आने वाले स्टैंडर्ड चार्जर से 70-80% तेज होगा। इसके अलावा, ओला स्कूटर की कीमत के साथ 8 साल की बैटरी वारंटी भी दे रही है।
ओला 4,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर 1 लाख किमी तक और 12,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर 1.25 लाख किमी तक वारंटी बढ़ाने की भी पेशकश कर रही है।