हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों को E-सर्विस बुक से मिलेगी प्रमोशन और छुट्टियां 

Government employees in Haryana will get promotion and holidays through e-service book

 
एचआरएमएस पर ई-सर्विस बुक में कर्मचारी के मूल विवरण, नियुक्ति विवरण, सेवा सत्यापन, अवकाश, ऋण व अग्रिम विवरण, एसीआर, संपत्ति विवरण भी शामिल हैं। सेवानिवृत्ति के बाद अपने सेवा रिकॉर्ड के बारे में भी कर्मचारी आसानी से जान सकेंगे। अभी उन्हें विवरण प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 

HARDUM HARYANA NEWS

हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। सरकारी कर्मचारियों को अब ई-सर्विस बुक के जरिये पदोन्नति और छुट्टियां मिलेंगी। मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) पोर्टल पर करीब 2.32 लाख कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक सत्यापित कर ली गई है। बाकी बचे 33 हजार कर्मचारियों को 30 नवंबर तक अपनी सर्विस बुक का सत्यापन करवाना होगा।

मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को अब पदोन्नति और छुट्टियों के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अब यह सुविधा ई-सर्विस बुक के माध्यम से ऑनलाइन मिलेगी। मुख्य सचिव ने सोमवार को यहां मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ एचआरएमएस पोर्टल के संबंध में समीक्षा बैठक की। 30 नवंबर के बाद जिन कर्मचारियों की सर्विस बुक सत्यापित नहीं होगी, उनका वेतन रुक सकता है।


आपको बता दें कि सभी विभागाध्यक्षों को जल्दी कर्मचारियों की सर्विस बुक सत्यापित करवाने का निर्देश दिया गया है। इन निर्देशों की सख्त अनुपालना न होने पर सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर विभिन्न विभागों, बोर्ड और निगम के कर्मचारियों की सेवा संबंधित सभी गतिविधियों और डिजिटल सर्विस बुक को अपलोड किया गया है।

पोर्टल पर एकीकृत वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (आईएफएमएस) के ई-वेतन प्रणाली के साथ एकीकृत वर्क फ्लो सहित कर्मचारियों की जानकारी 24 घंटे उपलब्ध है। एचआरएमएस पर उपलब्ध डाटा से सरकार किसी भी मामले में सही निर्णय ले सकती है। साथ ही कर्मचारियों के लिए योजनाएं बनाने, भर्ती, नियुक्ति, पदोन्नति, एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन, सेवा विस्तार और कौशल के आधार पर कर्मचारियों के स्थानांतरण में भी मदद मिलती है।

एचआरएमएस पर ई-सर्विस बुक में कर्मचारी के मूल विवरण, नियुक्ति विवरण, सेवा सत्यापन, अवकाश, ऋण व अग्रिम विवरण, एसीआर, संपत्ति विवरण भी शामिल हैं। सेवानिवृत्ति के बाद अपने सेवा रिकॉर्ड के बारे में भी कर्मचारी आसानी से जान सकेंगे। अभी उन्हें विवरण प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।