BREAKING NEWS: हरियाणा सरकार में विभागों के बंटवारे में CM नायब सैनी ने लिए अहम फैसले, जानें डिटेल
हरियाणा सरकार में विभागों के बंटवारे में CM नायब सैनी पावरफुल बनकर उभरे हैं। उनके पास 13 से ज्यादा विभाग हैं। खास बात यह है कि गृह, वित्त और आबकारी मंत्रालय भी सीएम के पास ही रहेगा। इस लिहाज से वह BJP सरकार के पिछले CM मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री रहे भूपेंद्र हुड्डा से भी ताकतवर बने हैं।
दरअसल, 2005 से लेकर 2014 तक सूबे के मुख्यमंत्री रहे भूपेंद्र हुड्डा के पास कभी भी वित्त और आबकारी विभाग नहीं रहा। यह विभाग दूसरे मंत्रियों को दिए गए थे।
उसके बाद 2014 से 2023 तक मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल खट्टर के पास बड़े विभाग जरूर रहे। 2014 में खट्टर के पास गृह विभाग तो था लेकिन वित्त विभाग नहीं था। 2019 में जब दूसरी बार BJP की सरकार बनी तो गृह विभाग अनिल विज को देना पड़ा। हालांकि खट्टर ने CID विभाग अपने पास रखा है। इस बार सीएम सैनी के पास गृह और सीआईडी दोनों ही हैं।
प्रदेश में BJP की तीसरी बार सरकार बनने के बाद 17 अक्टूबर को सीएम नायब सैनी और 13 मंत्रियों ने शपथ ली। इसके बाद रविवार देर रात मंत्रियों को विभाग बांटे गए।
इनमें CM सैनी के बाद अनिल विज को बिजली समेत 3 विभाग दिए गए हैं। पिछली बार गृह विभाग उनके पास था। विज के अलावा विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा, कृष्ण कुमार बेदी, आरती राव और गौरव गौतम को 3-3 विभाग गए हैं।
वहीं महिपाल ढांडा, डॉ. अरविंद शर्मा और राव नरबीर सिंह को 4-4 विभाग मिले हैं। कृष्णलाल पंवार, रणबीर गंगवा, श्रुति चौधरी और राजेश नागर को 2-2 विभाग दिए गए हैं। आरती के पास स्वास्थ्य, विपुल के पास स्थानीय निकाय, ढांडा को शिक्षा, गौरव गौतम को खेल, राणा को कृषि, पंवार को पंचायत और खनन, श्रुति के पास महिला एवं बाल विकास, डॉ. अरविंद को जेल, राव नरबीर को उद्योग, बेदी को सामाजिक न्याय, गंगवा के पास PWD और नागर को खाद्य आपूर्ति का अहम विभाग मिला है।