मोदी और भाजपा ने झूठ व जुमलों के दम पर किया 10 साल शासन आज समाज का हर वर्ग प्रताड़ित, सभी को न्याय चाहिए : कुमारी सैलजा
कैथल/कुरुक्षेत्र।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि मोदी और भाजपा ने देश-प्रदेश की सत्ता झूठ व जुमलों के दम पर हासिल की। बार-बार झूठ बोला और 10 साल राज कर लिया। लेकिन, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे झूठ नहीं बोल सकते। वे सच बोलते हुए जनता का साथ मांग रहे हैं। उन्हें कुछ लोगों ने झूठ बोल कर मोदी-भाजपा की तरह सत्ता हासिल करने की सलाह दी, लेकिन झूठ बोलने से साफ इंकार कर दिया।
वे रविवार को कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस संदेश यात्रा के पहुंचने पर विभिन्न स्वागत समारोह व जनसभाओं में बोल रही थीं। कुमारी सैलजा ने कहा कि जो काम पहले ऋषि-मुनि करते थे, वह आज राहुल-खरगे कर रहे हैं। जनता बीच जाकर उनका दुख-दर्द समझ रहे हैं, उनकी बात सुन रहे हैं और अपनी बात उन तक पहुंचा रहे हैं। जबकि, भाजपा भाई को भाई से दूर करती है। धर्म व जाति के ना पर नफरत फैलाती है। कांग्रेस 36 बिरादरी की पार्टी है। इसलिए ही राहुल नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं, भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। उनका संदेश आप तक पहुंचाने के लिए ही यहां हम कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल रहे हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि आज हर इंसान को न्याय चाहिए। किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े, युवा, महिलाओं को भाजपा ने धोखा दिया है। इनसे जो भी वादे किए, जो भी सपने दिखाए, उन्हें पूरा ही नहीं किया। बहनों को महंगाई से न्याय चाहिए। अपने बच्चों के लिए रोजगार में न्याय चाहिए। किसान को न्याय चाहिए, क्योंकि तैयार फसल पर एमएसपी नहीं मिल रहा है। आज तक एमएसपी के कानूनी दर्ज को तरस रहा है। आवाज उठाते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि मेहनत-मजदूरी करने वा गरीब, दलित, पिछड़ा चाहता है कि उनके बच्चे पढ़ें, आगे निकलें। लेकिन, इनके बच्चों का शिक्षा से वंचित करने के लिए स्कूल बंद कर दिए जाते हैं। इन बच्चों को मिलने वाले वजीफे बंद कर दिए जाते हैं। यहां रोजगार न मिलने के कारण जीटी रोड से शुरू हुआ विदेश जाने का सिलसिला अब पूरे हरियाणा के गांवों तक पहुंच चुका है। गांव के गांव खाली हो रहे हैं। बच्चे जाने जोखिम में डाल कर परिवार के जेवर व जमीन बिकवा कर विदेश पलायन कर रहे हैं, सिर्फ रोजी-रोटी की आस में।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कि कांग्रेस की सरकार विदेशों में शांति बहाली के लिए पीस आर्मी भेजती थी, लेकिन भाजपा की सरकार अब अग्निवीर बना रही है। अग्निवीर बनने के आवेदन पर जीएसटी ले रही है। चार साल बाद इनका क्या ही होगा, इसको लेकर हर कोई आशंकित है। भाजपा-जजपा के बड़े-बड़े घोटालो सामने आते हैं, लेकिन आज तक किसी को सजा नहीं मिली। यात्रा के दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, सुरेश गुप्ता, कालका से विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व विधायक रणधीर सिंह धीरा, राजरानी पूनम, यात्रा के संयोजक डॉ अजय चौधरी आदि भी मौजूद रहे।
रामजी की दया तो सब खुश हो गए
कुमारी सैलजा ने कहा कि लोग चाह रहे थे, राम बरसे। राम बरसे तो फसल भी ठीक हो जा। भगवान ने सभी की सुन ली। रामजी बरस भी लिया। रामजी ने दया रख ली। अब सब खुश हो गए। राम जी की सब पर न्यूं ए दया बनी रह।
----------
रोजगार न एमएसपी, ऐसी है मोदी-खट्टर-चौटाला सरकार : सुरजेवाला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी कन्याकुमारी से काश्मीर तक पद यात्रा निकालने के बाद अब मणिपुर से महाराष्ट्र तक की यात्रा पर हैं। राहुल गांधी व पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का संदेश लेकर हम प्रदेश में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल रहे हैं। जब 10 साल पहले देश-प्रदेश में भाजपा का शासन बना तो लोगों के मन में उम्मीद जगी कि ये देश-प्रदेश की दिशा और दशा बदल देंगे। मोदी-खट्टर ने कहा खाद, बीज, बिजली, जमीन का किराया फसल की कीमत में जोड़कर उस पर 50 प्रतिशत मुनाफा किसान को देंगे। फिर कहा 2022 तक हरियाणा और हिन्दुस्तान के किसान की आय दोगुनी हो जाएगी। एक-एक मजदूर के घर में रोजगार देंगे। नौजवानों को 2 करोड़ नौकरी देंगे। सुरजेवाला ने कहा कि इनकी एक सरकार दिल्ली में है, और एक हरियाणा में और एक मलाई खाने वाला व्यक्ति आपके पड़ोस से विधायक बन कर उनकी गोदी में जा बैठा है। मोदी-खट्टर व चौटाला ने सबसे बड़ा हमला फसल पैदा करने वाले किसान के हक पर बोला। लाखों किसान दिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली में बैठे राजा से न्याय मांगने के लिए एक साल से अधिक समय तक धरने पर बैठे रहे। मनोहर लाल खट्टर-दुष्यंत चौटाला ने उनके रास्ते में सीमेंट के बोल्डर रखवा दिए, तोप-बंदूक के साथ पुलिस तैनात कर दी, सड़क पर दीवारें चिनवा दी। कहने लगे किसान पीएम से मिलने नहीं जा सकते
सुरजेवाला ने कहा कि शांतिप्रिय किसान वहीं धरने पर बैठ गए। एक साल से अधिक धरना चला, क्योंकि देश के मुट्ठी भर उद्योपतियों को किसान की जमीन का मालिक बनाने का षड्यंत्र रचा जा रहा था। हर रोज किसी न किसी गांव में किसान का शव आता था। 700 से ज्यादा ने शहादत दे दी। मोदी-खट्टर-चौटाला के केंद्रीय व प्रांतीय मंत्री किसानों को नक्सलवादी, उग्रवादी, मवाली और गुंडे कहते रहे। लेकिन, आपकी ताकत के आगे दिल्ली व हरियाणा की सरकार को झुकना पड़ा, तीन काले कानून वापस लेने पड़े। परन्तु, यहां भी कानून बनाकर एमएसपी की गारंटी देने की झूठ बोलकर धरना हटवा दिया। सुरजेवाला ने कहा कि 75 साल में यह देश की पहली सरकार है, जिसने खेती पर टैक्स लगा दिया। खाद, कीटनाटक दवा, ट्रैक्टर, खेती उपकरणों पर जीएसटी लगा दिया। डीजल को 56 रुपये प्रति लीटर से 90 पर पहुंचा दिया। पेट्रोल को 71 रुपये प्रति लीटर से 100 पार करवा दिया। 25 लाख करोड़ रुपये एक झटके में जनता की जेब से निकाल लिए। जबकि, 42 लाख करोड़ रुपया पेट्रोल-डीजल पर टैक्स लगाकर जनता से वसूल कर लिया।
सुरजेवाला ने कहा कि खट्टर-दुष्यंत की सरकार ने सबसे बड़ा हमला हमारे बच्चों पर बोला। वे गुणी, काबिल, शिक्षित हैं, लेकिन उनके लिए नौकरी नहीं है। नौकरियों के 47 पेपर लीक हो चुके। पेपर मंडी में बोली लगकर बिकते हैं। एसपीएससी का नाम हरियाणा हेराफेरी सर्विस कमीशन तो एचएसएससी का नाम हरियाणा सर्विस सेल काउंटर हो चुका है। इनके दफ्तरों से करोड़ों रुपयों से भरे सूटकेस मिल रहे हैं। नौकरी न मिलने से आहत बच्चे डोंकी रूट से विदेश जा रहे हैं। सुरजेवाला ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर व दुष्यंत चौटाला की जोड़ी इजरायल जैसे युद्धग्रस्त इलाके में हमारे बच्चों का मजदूर बनाकर भेजना चाहती है, जहां मौत का खतरा हमेशा सिर पर मंडरा रहा है। केंद्र सरकार ने फौज को ही ठेके पर करने का विश्वव्यापी रिकॉर्ड बना लिया है। 4 साल बाद जब ये बच्चे सेना से घर आएंगे तो क्या करेंगे, यह सोच कर हर कोई चिंतित है।
यह सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि वे, कुमारी सैलजा या किरण चौधरी कोई पद की लड़ाई नहीं लड़ रहे। वे सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं। ये लड़ाई राज लाने की है। देश-प्रदेश का राज बदलने की लड़ाई है। बहुत सारे लोग आएंगे, इसमें अड़चन अड़ाने के लिए। लेकिन, हम आपके हैं, अपणां मारे छां में गेरे। राज आपकी डोल पर आके खड़ा है। फैसला आपको करना है, कोली भरनी है या ठोकर मारनी है। आज शाम को राम का नाम लेकर जब सोओ तो एक बार यह जरूर खुद से पूछ लेना कि जो हमने बात कही, सच्ची और खरी है या नहीं। आपको सच्ची लगी तो सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन की इस लड़ाई में हमारा साथ दें।
इन स्थानों से गुजरी कांग्रेस संदेश यात्रा
कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस संदेश यात्रा ने कलायत की ओर से प्रवेश किया। कलायत की अनाज मंडी में जनसभा हुई। इसके बाद कैलरम मोड़ के पास यात्रा का स्वागत हुआ। यहां से यात्रा कैथल के लिए रवाना हो गई, जहां जनसभा के बाद गांव थाना, गुमथला बस स्टैंड से होते हुए पिहोवा अनाज मंडी पहुंची, जहां जनसभा हुई। इसके बाद जाजनपुर होते हुए यात्रा ढांड पहुंची, जहां एक और जनसभा आयोजित की गई। यहां से यात्रा पबनावा, विवेकानंद कॉलोनी कुरुक्षेत्र पहुंची। इसके बाद बिरला मंदिर (महाराणा प्रताप चौक), सैनी धर्मशाला, गुरु रविदास मंदिर, ब्राह्मण धर्मशाला होते हुए कांग्रेस भवन कुरुक्षेत्र पहुंची। इस दौरान विभिन्न जगहों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और नेताओं की बात को सुना।
आज इन जगहों पर जाएगी यात्रा
आज 5 फरवरी को कांग्रेस संदेश यात्रा अंबाला लोकसभा क्षेत्र में रहेगी। इस दौरान पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर जिले के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए रायपुरानी, नारायणगढ़ व बिलासपुर में जनसभा होंगी।