गर्भवती महिलाओं को नागरिक अस्पताल में ही मिलेगी अल्ट्रासाउंड की सुविधा : देवेंद्र सिंह बबली
टोहाना, 7 फरवरी। प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बुधवार को नागरिक अस्पताल, टोहाना में अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन कर नागरिकों समर्पित किया। इससे गर्भवती महिलाओं को नागरिक अस्पताल प्रबंधन द्वारा अनुबंधित निजी संस्थान पर अल्ट्रासाउंड के लिए जाना नहीं पड़ेगा बल्कि नागरिक अस्पताल में ही वे अपना अल्ट्रासाउंड करवा सकेंगी।
कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में निरन्तर काम किया जा रहा है। अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन होने से गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि पहले गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड प्राइवेट संस्थानों से करवाने के लिए नागरिक अस्पताल प्रबंधन द्वारा निर्धारित राशि अदा की जाती थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही टोहाना नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन विशेषज्ञ की ड्यूटी लगवाई जाएगी ताकि सभी नागरिकों को इसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि टोहाना क्षेत्र में नागरिकों को सुविधा के लिए निरन्तर स्वास्थ्य सेवाओं मेें इजाफा किया जा रहा है। 138 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बेड के सात मंजिला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण किया जा रहा है। अतिआधुनिक सुविधाओं से लैस इस अस्पताल में बैसमेंट सहित सात फ्लोर होंगे। पार्किंग की सुविधा भी होगी। महिला और पुरुष के अलग-अलग वार्ड सहित नवजात बच्चों के लिए नर्सरी, आधुनिक लैब और विभिन्न विभागों की ओपीडी सुविधा नागरिकों को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जल्द ही टोहाना के रसूलपुर में 1100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संत शिरोमणि गुरु रविदास मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये दोनों प्रोजेक्ट पूरे होने पर टोहाना का नाम बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने नागरिकों के कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता दिखाई है, जिसके चलते आज लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर प्रयासों के माध्यम से सरकार ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। हरियाणा सरकार ने आयुष्मान भारत चिरायु हरियाणा योजना के तहत कमजोर वर्ग के लोगों को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने का प्रयास किया है।