आत्मा को मुक्ति का मार्ग दिखाती है श्रीमद्भागवत कथा: अमीर चावला
सिरसा। गांव अली मोहम्मद में स्थित श्री केशव गौशाला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में समाजसेवी अमीर चावला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कथावाचिका लाडली किशोरी से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर अमीर चावला ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सुनना और सुनाना दोनों ही मुक्तिदायिनी है तथा आत्मा को मुक्ति का मार्ग दिखाती है।
भागवत पुराण को मुक्ति ग्रंथ कहा गया है, इसलिए अपने पितरों की शांति के लिए इसे हर किसी को आयोजित कराना चाहिए। इसके अलावा रोग-शोक, पारिवारिक अशांति दूर करने, आर्थिक समृद्धि तथा खुशहाली के लिए इसका आयोजन किया जाता है। चावला ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन-चक्र से जुड़े प्राणियों को उनकी वास्तविक पहचान करवाती है, आत्मा को अपने स्वयं की अनुभूति से जोड़ती है तथा सांसारिक दुख, लोभ-मोह, क्षुधा जैसी तमाम प्रकार की भावनाओं के बंधन से मुक्त करते हुए नश्वर ईश्वर तथा उसी का एक अंश आत्मा से साक्षात्कार करवाती है।
उन्होंने सुंदर समाज निर्माण के लिए गीता से कई उपदेश के माध्यम अपने को उस अनुरूप आचरण करने को कहा। जो काम प्रेम के माध्यम से संभव है, वह हिंसा से संभव नहीं हो सकता है। समाज में कुछ लोग ही अच्छे कर्मों द्वारा सदैव चिर स्मरणीय होता है, इतिहास इसका साक्षी है। इस मौके पर अमीर चावला ने गौवंश के चारे के लिए अपने निजी कोष से गौशाला में आर्थिक सहयोग भी दिया। कथा आयोजकों की ओर से स्मृति चिन्ह देकर अमीर चावला को सम्मानित किया गया।