ये हैं हरियाणा के सबसे युवा विधायक, बनाया रिकॉर्ड
हरियाणा के विधानसभा चुनाव में इस बार निर्वाचित हुए 90 विधायकों में से कैथल के कांग्रेस विधायक आदित्य सुर्जेवाला सबसे युवा विधायक हैं। आदित्य इस समय करीब पौने 26 साल के हैं। इसी तरह से 80 साल के रघुबीर कादियान सबसे उम्रदराज विधायक हैं। पिछली विधानसभा में भी कादियान सबसे बड़ी उम्र के विधायक थे। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफोर्मस् की रिपोर्ट के अनुसार इस बार 25 से 30 आयु वर्ग के 2 जबकि 31 से 40 वर्ष आयु के 7 विधायक हैं। 41 से 50 वर्ग आयु के 22, 51 से 60 आयु वर्ग के 30, 61 से 70 आयु वर्ग के 16 और 71 से 80 आयु वर्ग के 13 विधायक निर्वाचित हुए हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में 25 से 50 आयु वर्ग के 31 विधायक चुनकर आए हैं। कैथल के विधायक आदित्य पौने 26 साल के हैं। इसी तरह से जुलाना से कांग्रेस की विधायक विनेश फौगाट 30 साल की जबकि रानियां से इनैलो के विधायक अर्जुन चौटाला 32 वर्ष के हैं। नारनौंद से कांग्रेस के विधायक जस्सी पेटवाड़ व सोनीपत से भाजपा के विधायक निखिल मदान 34-34 साल के हैं। इसी तरह से बेरी से कांग्रेस के विधायक रघुबीर कादियान 80 साल के हैं। सफीदो से भाजपा के विधायक रामकुमार गौतम 78 साल के जबकि गढ़ी सांपला किलोई से 5वीं बार विधायक चुनकर आए पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा 77 वर्ष के हैं। इस विधानसभा में बेरी से विधायक रघुबीर कादियान जहां 7वीं बार विधानसभा के लिए चुने गए हैं तो अंबाला कैंट से अनिल विज भी सातवीं बार विधायक चुने गए हैं।