विजय शर्मा बने प्राथमिक शिक्षक संघ के दूसरी बार जिला प्रधान
 

 

सिरसा। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा जिला सिरसा की जिला कार्यकारिणी का गठन राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला नम्बर 5, अनाज मंडी सिरसा में किया गया। जिला कार्यकारिणी के इस चुनाव में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से चुनाव पर्यवेक्षक की भूमिका राज्य कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा, राज्य कानूनी सलाहकार दलीप बिश्नोई, जिला प्रधान हिसार जयभगवान बडाला, जिला प्रधान फतेहाबाद विकास टुटेजा व अग्रोहा खण्ड प्रधान ओम प्रकाश ने निभाई।

 चुनाव प्रक्रिया के प्रारंभ में निवर्तमान जिला कोषाध्यक्ष प्रेम बोस ने पिछले 3 वर्षों की आय-व्यय का ब्यौरा सभा को दिया। फिर निवर्तमान जिला प्रधान बंसी लाल ने अपने 3 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्यौरा दिया और नई कार्यकारिणी के गठन हेतु अपनी पूरी जिला कार्यकारिणी का त्यागपत्र चुनाव पर्यवेक्षक को सौंपा। इसके बाद चुनाव पर्यवेक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि वोटिंग के समय प्रत्येक खण्ड से 6 पदाधिकारी व पूर्व जिला प्रधान, महासचिव और कोषाध्यक्ष सहित कुल 45 पदाधिकारी ही नई कार्यकारिणी के गठन में भाग लेंगे। नई जिला कार्यकारिणी में जिला प्रधान पद के लिए विजय शर्मा व भगत सिंह के नाम के प्रस्ताव आए, जिसके बाद भगत सिंह ने अपना नामांकन वापिस ले लिया और विजय शर्मा को सर्वसम्मति से जिला प्रधान चुन लिया गया। जिला महासचिव पद के लिए सर्वसम्मति से विजय सहारण तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए भी शेलेन्द्र ढिल्लों को सर्वसम्मति से चुन लिया गया। 

इस प्रकार तीनों प्रमुख पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारी चुने जाने के उपरांत सभी ने शेष पदों के लिए उन्हें ही उपयुक्त साथी को नियुक्त करने का अधिकार दे दिया। अपने पद की शपथग्रहण करने के उपरांत नवनियुक्त जिला प्रधान विजय शर्मा ने अपने संबोधन में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्राथमिक शिक्षकों का आभार जताया और आशवस्त किया कि वो जिले में सभी प्राथमिक शिक्षकों से सम्बंधित समस्याओं एवं मांगों के हल के लिए हर सम्भव प्रयास करेंगे और संगठन को जिले में और ज्यादा मजबूत करेंगे। इस अवसर पर राज्य उपप्रधान राजकुमार कासनियां, शीशपाल, पूर्व जिला प्रधान दलबीर कुंदर, खण्ड सिरसा प्रधान संदीप रुंडला, खण्ड बड़ागुढ़ा प्रधान अजमेर सिंह, खण्ड ओढां प्रधान कुलवंत सोनी, खण्ड रानियां प्रधान कन्हैया चाहर, खण्ड ऐलनाबाद प्रधान भभूति प्रसाद, खण्ड नाथूसरी चोपटा प्रधान सुधीर हंजीरा और खण्ड डबवाली प्रधान लाल बहादुर के अलावा सभी खण्डों के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी सहित प्राथमिक शिक्षक उपस्थित रहे।