अतिरिक्त उपायुक्त ने किया कार्यालयों का औचक निरीक्षण
 

Additional Deputy Commissioner conducted surprise inspection of offices
 
 
सिरसा, 08 अप्रैल।
उपायुक्त आर के सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त उपायुक्त डा. विवेक भारती ने सोमवार को जिला मुख्यालय के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया और कार्यालयों में सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर भी चेक किए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त बिक्रीकर व आबकारी विभाग, मत्स्य विभाग, होमगार्ड, श्रम विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समय पर कार्यालयों में पहुंचे और अपना कार्य पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करें ताकि कार्यालयों में आने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कार्यालय के कार्यों में किसी भी प्रकार की लेटलतीफी और कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर आने व जनसमस्याओं का तत्परता से निवारण करने के निर्देश दिए।