हिसार में उड्डयन कॉलेज खोले जाने की घोषणा मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का परिणाम : कैप्टन अभिमन्यु
 

Announcement of opening of Aviation College in Hisar is the result of Chief Minister's far-reaching thinking: Captain Abhimanyu
 
 
पूर्व वित्त मंत्री ने बजट को जनहितैषी बताते हुए जताया मुख्यमंत्री का आभार
 
हिसार। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने हरियाणा विधानसभा में पेश किए गए बजट प्रस्ताव को सराहनीय बताया है। उन्होंने बजट को जनहितैषी बताते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार प्रकट किया है। उन्होंने हिसार में उड्डयन कॉलेज खोलने जाने की घोषणा को मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का परिणाम बताया और कहा कि इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि बजट में सभी वर्गों का विषेश ध्यान रखा गया है। किसानों के कल्याण के लिए बजट में जो योजनाएं लाई गई हैं, उनका तहेदिल से स्वागत करते हैं। फसली ऋण पर ब्याज एवं जुर्माना माफी की स्कीम धरतीपुत्र के किसी सम्मान से कम नहीं है। सिंचाई संसाधनों के लिए बजट में 31 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। मॉनसून के दौरान यमुना नदी से 24 हजार क्यूसेक पानी पाइपलाइन डालकर हिसार, भिवानी तथा चरखी दादरी के किसानों को दिया जाएगा। किसानों को 70 हजार सोलर ट्यूबवेल के कनेक्शन दिए जाएंगे। सदियों से चली आ रही आबियाना टैक्स प्रथा को बंद कर दिया गया है। 
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि इस संतुलित बजट में आयुष्मान योजना को विस्तार दिया गया है। गरीब परिवारों को 1000 किलोमीटर मुफ्त बस यात्रा तथा ग्रामीण विकास की अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। कर्मचारी राज्य बीमा निगम के नए अस्पताल तथा डिस्पेंसरी के लिए भी प्रस्ताव रखा गया है। श्रमिकों और महिला विकास की अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। युद्ध शहीद सैनिक परिवारों को सहायता राशि 50 लाख से बढ़कर एक करोड़ रुपए किए जाने का प्रस्ताव भी बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह बजट मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरगामी सोच को दर्शाता है। इस बजट से हरियाणा तरक्की के नए आयाम छुएगा।