Haryana police News लाखों रुपए की 102 ग्राम हैरोइन के साथ महिला गिरफ्तार।
Haryana Police News Woman arrested with 102 grams of heroin worth lakhs of rupees.
Feb 23, 2024, 17:46 IST
गिरफ्तार की गई महिला उक्त हेरोइन पंजाब से लेकर आई थी और सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में थी ।
सिरसा--- पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण के नेतृत्व में जिला भर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की एंटी नारकोटिक्स सेल, ऐलनाबाद पुलिस टीम ने शहर के शाह सतनाम सिंह चौक क्षेत्र से एक महिला को लाखों रुपए की 102 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल, ऐलनाबाद के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला की पहचान नीलू पत्नी पवन कुमार निवासी सरस्वती कॉलोनी गली नंबर 6 , सिरसा के रूप में हुई है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत शहर थाना सिरसा में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई है। सेल के प्रभारी उप निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि स्टाफ के सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी बेगू रोड ,शाह सतनाम सिंह चौक क्षेत्र में गश्त कर रही थी । उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक महिला ने पुलिस पार्टी को देखकर हड़बड़ाहट में वापस मुड़कर खिसकने का प्रयास किया । उन्होंने बताया कि शक की बिनाह पर महिला पुलिस के सहयोग से उक्त महिला को काबू कर मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाकर नियमानुसार तलाशी ली गई तो उक्त महिला के कब्जे से 102 ग्राम हैरोइन बरामद हुई है। प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि उक्त महिला करीब पांच साल से नशे का धंधा कर रही थी। सेल प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में यह भी पता चला है कि उक्त महिला पंजाब के अमृतसर क्षेत्र से हैरोइन लेकर आई थी और उसे सप्लाई करने की फिराक में थी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में यह भी पता चला है कि उक्त महिला के खिलाफ करीब दो ढाई साल पहले पंजाब के मोहाली क्षेत्र में अभियोग दर्ज हुआ था, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। सेल प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान जो भी व्यक्ति हैरोइन तस्करी के इस नेटवर्क में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला को सिरसा अदालत में पेश किया जाएगा ।