हरियाणा में मानसून के आगमन को लेकर आई ताजा भविष्यवाणी से खिल उठेंगे किसानों के चेहरे, जानें क्या है मौसम विभाग की ताज़ा अपडेट

मानसून का योग अब ठीक बन रहा है। मानसून को आगे बढ़ाने वाले कारक सही दिशा में काम कर रहे हैं। अगले 48 घंटे में मानसून ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड व पूवी उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा।

 

Ajay Sehrawat: मानसून का योग अब ठीक बन रहा है। मानसून को आगे बढ़ाने वाले कारक सही दिशा में काम कर रहे हैं। अगले 48 घंटे में मानसून ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड व पूवी उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा। मानसून की गति यही बनी रही तो हरियाणा के कुछ हिस्सों में यह तय समय में प्रवेश कर जाएगा।

हरियाणा में मानसून की तारीख 30 जून तय है। कई बार मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में भी आया है। मौसम वेबसाइट स्काईमेट ने भी दावा किया है कि 30 जून के आसपास मानसून हरियाणा में दस्तक दे जाएगा।

हरियाणा में धान की बुआई भी शुरू हो चुकी है। वहीं आसमान से आग बरस रही है, जिससे आमजन का हाल-बेहाल है। नमी बढ़ने से तापमान का अहसास भी ज्यादा हो रहा है। ऐसे में लोगों को बारिश का इंतजार है, ताकि गर्मी व उमस से राहत मिल सके।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं चलना शुरू हो गई हैं, जो मानसून को आगे बढ़ाने में मदद करेंगी। फिलहाल आगे मानसून के सामने किसी तरह की बाधा नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून के पहले हरियाणा के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश होगी। बारिश की गतिविधियां 25 जून से शुरू हो जाएंगी। यदि इन दिनों बारिश लगातार और अच्छी मात्रा में होती है तो इसे भी मानसून के आगमन का अच्छा संकेत माना जाएगा।

आगे ऐसा रहेगा मौसम

22 जून तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के दक्षिणी व उत्तरी हिस्से पर इस मौसम प्रणाली का आंशिक प्रभाव जारी रहने की संभावना है, जबकि प्रदेश के उत्तर पश्चिम हिस्सों फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी व रोहतक को छोड़कर मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश में धीरे धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी और आमजन को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। 

बिपरजॉय के अवशेष कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर गुरुवार रात तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंचेंगे, तब बंगाल की खाड़ी से इसे प्रचुर मात्रा में नमी मिलने लगेगी और यह मौसम प्रणाली ताकतवर होकर फिर से मानसूनी हवाएं खींच कर मैदानी राज्यों की तरफ लाएगी, जिससे इन राज्यों में आमजन को भीषण गर्मी राहत मिलेगी। इसके असर से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में 25 जून से 30 जून और जुलाई के प्रथम सप्ताह में भी बारिश की गतिविधियों की प्रबल संभावना बन रही है।