Sirsa News:सिरसा में सीजन की पहली धुंध, पांच मीटर से भी कम रही विजिबिलिटी
जिले में शनिवार को सीजन की पहली धुंध छाई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ. सुबह आसमान में घना कोहरा छाए रहने के कारण शहर में दृश्यता करीब पांच मीटर रही, जबकि ग्रामीण इलाकों में दृश्यता पांच मीटर से भी कम रही। इससे वाहनों की रफ्तार थम गयी. धुंध के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। गोरखधाम एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और रेवाडी फाजिल्का करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची।
सुबह नौ बजे तक धुंध छाए रहने से कर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दस बजे के बाद सूरज निकलने पर धुंध छंट गई। उधर, रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक अगर धुंध जारी रही तो यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो सकती है।
शनिवार को सिरसा का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार कोहरा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बने बादलों के कारण है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएँ कुछ धीमी हो गई हैं। हवा कम होने के बाद धुंध छाने लगी है। 24 दिसंबर से न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे गिर सकता है। साफ है कि आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा. ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं. कृषि विभाग के उपनिदेशक डाॅ. सुखदेव सिंह के अनुसार धुंध और ठंड गेहूं और सरसों की फसल के लिए फायदेमंद है। चार दिन का संभावित तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
24 दिसंबर 21.0 6.0
25 दिसंबर 22.0 7.0
26 दिसंबर 23.0 8.0
27 दिसंबर 23.0 7.0
ये ट्रेनें हुईं प्रभावित
गोरखधाम एक्सप्रेस सुबह 10:40 बजे आती है, लेकिन कोहरे के कारण 12:30 बजे सिरसा पहुंची। रेवाडी फाजिल्का ट्रेन सुबह 9.50 बजे सिरसा पहुंचती है। कोहरे के कारण यह 24 मिनट देरी से पहुंची।