Packs will be open : हरियाणा के किसान होंगे समृद्ध, हर गांव में खोले जाएंगे पैक्स, एक छत के नीचे मिलेंगी 176 तरह की सेवाएं

-लोगों को मिलेगा रोजगार, किसानों को उपलब्ध होंगी घर बैठे सारी सुविधाएं
हरियाणा में अब किसानों को एक ही सेंटर में 176 तरह की सुविधाएं मिलेंगी। किसानों को समृद्ध बनाने के लिए हरियाणा के प्रत्येक गांव में प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसायटी को खोला जाएगा। प्रदेश के हर जिले में 4 प्राइमरी पैक्स बनाए जाएंगे।
गांवों में खोले जाने वाले पैक्स पर सीएससी सेंटर भी खोला जाएगा और इस सेंटर से किसानों और आम नागरिकों को 176 तरह की सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस पैक्स पर पेट्रोल पंप जैसी सुविधाएं भी मुहैया करवाई जाएंगी। पैक्स के खुलने से गांव के लोगों को रोजगार मिलेगा।
पैक्स पर पैसों का लेनदेन किया जा सके और सरकार की तरफ से पैक्स के माध्यम से ज्वाइंट लाइविलिटी ग्रुप ( जेएलजी) में 4 महिलाओं को शामिल किया जाएगा। इन महिलाओं को किसी प्रकार का रोजगार स्थापित करने के लिए 50 हजार रुपए का ऋण भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
हरियाणा राज्य सहकारिता बैक एंव हरको बैंक के चेयरमैन हुकम सिंह भाटी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सरकार किसानों को समृद्ध बनाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक गांव में पैक्स खोलेगी। इस पैक्स पर सीएससी सेंटर भी खोला जाएगा। इस सीएससी सेंटर के माध्यम से किसानों को घर बैठे तमाम सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। इस समय प्रदेश में पैक्स सशक्तिकरण से किसानों की समृद्धि कार्यक्रम चलाया जा रहा है और पूरे प्रदेश को कवर किया जाएगा।
हुकम सिंह भाटी ने कहा कि प्रदेश में पैक्स के सशक्तीकरण से किसानों की समृद्धि कार्यक्रम के तहत प्रदेश के हर गांव में पैक्स की शाखा खोली जाएगी। इस समय प्रदेश में पैक्स की 750 शाखाएं कार्यरत हैं और सरकार की तरफ से जल्द ही प्रदेश में पैक्स की संख्या में इजाफा करके 6750 कर दिया जाएगा।
भाटी ने बताया कि प्रदेश में इस समय 16 पैक्स को मॉडल पैक्स का दर्जा दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशानुसार प्रदेश के हर जिले में 4 पैक्स को मॉडल पैक्स बनाया जाएगा। इन पैक्स पर तमाम सुविधाएं दी जाएंगी। प्रदेश सरकार किसानों को घर बैठे तमाम सेवाएं देने के लिए काम कर रही है। यह पैक्स व सीएससी सेंटर आने वाले समय किसानों के लिए वरदान साबित होंगे।