logo

आमजन का सहयोग लेकर गैर कानूनी धंधा करने वालों तथा आपराधिक किस्म के लोगों के खिलाफ पुलिस करेगी कड़ी कार्रवाई

आमजन

 सिरसा-- आमजन तथा संबंधित क्षेत्र में नियुक्त किए गए ग्राम प्रहरी तथा सुरक्षा सहायकों  का बेहतर सहयोग लेकर गैरकानूनी धंधा करने वालों,नशे का कारोबार करने वालों व आपराधिक किस्म के लोगों  तथा विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों की खोज खबर लेकर उनके  खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। नशा प्रभावित क्षेत्र से महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित कर जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में और तेजी लाते हुए धरपकड़ तेज करें। उक्त निर्देश पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला के सिरसा  तथा  ऐलनाबाद एंटी नारकोटिक सेल, सीआईए सिरसा व स्पेशल स्टाफ सिरसा प्रभारियों की बैठक लेने के दौरान दिए। उन्होंने इस अवसर पर जिला के  नारकोटिक्स सेल, सीआईए प्रभारियों व स्पेशल स्टाफ के कार्यों की समीक्षा की तथा उन्हें आवश्यक निर्देश दिए।

 इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विभिन्न प्रकार का नशा सप्लाई करने वाले लोगों के बारे में  सूचना एकत्रित कर उन पर कड़ी निगाह रखें। उन्होंने  कहा कि जिला के साथ लगती राजस्थान तथा पंजाब सीमा पर संदिग्ध मार्गों औचक नाकाबंदी कर विशेष अभियान चलाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  ने सभी नारकोटिक्स सेल तथा सीआईए प्रभारियों को निर्देश दिए कि जहां विभिन्न प्रकार का नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए वहीं मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित नशीली दवाई बेचने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर नारकोटिक सेल प्रभारियों से कहा कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से लगातार मेडिकल स्टोरों पर भी पैनी नजर रखें। उन्होंने कहा कि किसी और के लाइसेंस पर मेडिकल स्टोर चलाने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।  पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने इस अवसर पर नारकोटिक सेल प्रभारियों से कहा कि जहां नशा तस्करों की धरपकड़ में तेजी लाई जाए वही आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक भी करें तथा नशे का कारोबार करने वालों की बेझिझक सूचना देने के लिए आम जनता से आह्वान करें।

     इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने सीआईए सिरसा प्रभारी को निर्देश दिया कि चोरी,  छीना झपटी तथा लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाकर उन पर शिकंजा कसे, ताकि भविष्य में किसी आपराधिक वारदात की फिर से पुनरावृत्ति न होने पाए ।  पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि विभिन्न आपराधिक वारदातों में संलिप्त लोगों को सूचीबद्ध करें तथा उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमतौर पर देखने में आया है कि किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले लोग अक्सर अवैध असला का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर अवैध असलाधारकों के खिलाफ अभियान में और तेजी लाएं तथा इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करें ।उन्होंने इस अवसर पर कहा कि वाहन चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्यों बारे महत्वपूर्ण जानकारी जुटाकर उन पर शिकंजा कसे, ताकि भविष्य में वाहन चोरी की वारदातें ना होने पाए  ।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि जमानत पर  बाहर आए हुए तथा सजा काटकर बाहर हुए आपराधिक किस्म के लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें ताकि वे भविष्य में किसी आपराधिक  वारदात को अंजाम न देने पाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सीआईए स्टाफ तथा एंटी नारकोटिक्स सेल के कार्यों की समय- समय पर समीक्षा की जाएगी तथा काम में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
">