logo

हरियाणा को मिला 1231 करोड़ का तोहफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 को करेंगे देश के 22वें एम्स का शिलान्यास

हरियाणा

रेवाड़ी, 8 फरवरी
केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत हरियाणा प्रदेश के जिला रेवाड़ी को देश के 22वें एम्स की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगामी शुक्रवार, 16 फरवरी को जिला के माजरा भालखी एम्स निर्माण स्थल से एम्स का शिलान्यास प्रस्तावित है। यह जानकारी हरियाणा सरकार में जनस्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री डा.बनवारी लाल ने दी। वे गुरूवार को उपायुक्त राहुल हुड्डा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव माजरा-भालखी में बनने वाले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) साइट का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान जानकारी देते हुए जनस्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम्स सहित अन्य विकास योजनाओं का शुभारंभ करने के साथ ही ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ शिलान्यास समारोह को संबोधित भी करेंगे। 

 जनस्वास्थ्य मंत्री डा.बनवारी लाल ने एम्स के निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर को क्षेत्र के ही नहीं बल्कि पूरे दक्षिणी हरियाणा के विकास में अहम कदम बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बिंदू रेवाड़ी जिला बनने जा रहा है जिससे न केवल हरियाणा के साथ लगते जिलों बल्कि राजस्थान के जिला के लोगों को भी स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि एम्स निर्माण के साथ ही रोजगार के अवसर भी क्षेत्र के लोगों के लिए सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी में एम्स के बनने से जहां एक ओर स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार होगा वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। वहीं रेवाड़ी सहित आसपास के क्षेत्र के लोग 16 फरवरी को इस पुनीत कार्य के साक्षी बनेंगे। 

 डा.बनवारी लाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के रेवाड़ी जिला में होने वाले कार्यक्रम का पूरे हरियाणा प्रदेश में लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसमें मंत्रीगण, विधायकगण व सांसद गण जनता के साथ कार्यक्रम से जुडक़र प्रधानमंत्री का शुभ संदेश सुनेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के हरियाणा आगमन से ‘विकसित भारत’ के साथ-साथ ‘विकसित हरियाणा’ की नींव भी मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि 210 एकड़ में बनने वाले एम्स का निर्माण एल एंड टी कंपनी द्वारा किया जा रहा है जिस पर करीब 1231 करोड़ की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि एम्स के शिलान्यास उपरांत जल्द ही इसकी निर्माण प्रक्रिया के साथ ही ओपीडी भी शुरू हो जाएगी। जनस्वास्थ्य मंत्री व प्रशासनिक अधिकारियों के एम्स निर्माण स्थल पर पहुंचने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में गांव को शामिल करने पर मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए सरकार का आभार जताया।

समारोह के लिए प्रशासन ने बनाया प्लान ऑफ एक्शन : डीसी
 एम्स निर्माण स्थल पर निरीक्षण के दौरान डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से शिलान्यास समारोह को लेकर तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि समारोह के लिए प्रशासन ने प्लान ऑफ एक्शन तैयार कर लिया गया है। हेलीपैड से लेकर समारोह स्थल तक आने-जाने के रास्ते सहित मुख्य स्टेज, जनसभा स्थल, पेयजल, बिजली आपूर्ति सहित अन्य संबंधित प्रबंधों के साथ ही समारोह में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थल की व्यवस्था को भी संबंधित अधिकारियों के साथ दौरा करते हुए सुनिश्चित किया है। प्रशासन अपना दायित्व प्रभावी रूप से निभा रहा है और भव्य ढंग से समारोह संपन्न होगा। 

यह रहे मौजूद 
 इस अवसर पर एसडीएम रेवाड़ी रविंद्र कुमार, डीआरओ राकेश कुमार, डीडीपीओ एचपी बंसल, तहसीलदार श्रीनिवास, कार्यकारी अभियंता आदित्य देशवाल, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार सहित जिला के अन्य संबंधित अधिकारीगण व एम्स निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
">