logo

Weather Report : पंजाब, हरियाणा में कड़ाके की ठंड जारी, इन इलाकों में हल्की बारिश की सभांवना, जानें आज का मौसम

Weather


Weather Report 7 February: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड के मैदानी इलाकों के साथ-साथ उत्तरी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। यह सामान्य से नीचे है। राजस्थान के बाकी हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 11-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। यह सामान्य से 4-6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आईएमडी ने अपने ताजा रिपोर्ट में बताया है कि एक चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम बंगाल और निचले क्षोभमंडल स्तर पर स्थित है।

मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान लगाया है। इसके मुताबिक, सात फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में भी बारिश के आसार बन रहे हैं। 

आईएमडी ने कहा है कि 9-11 फरवरी के दौरान उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 15-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 8 और 9 फरवरी को असम और मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम, पूर्व और मध्य भारत के कई हिस्सों में 3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति होने की संभावना है।

हिमाचल में एनएच बंद
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी और बारिश के चलते मंगलवार को चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 470 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। राज्य आपात परिचालन केंद्र के मुताबिक, 473 सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई और 398 ट्रांसफार्मर तथा 38 जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हुई हैं। मौसम कार्यालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में खदराला में चार सेंटीमीटर (सेमी), भरमौर में तीन सेमी, कुफरी में दो सेमी, गोंडला में 1.3 सेमी और सांगला में 0.5 सेमी बर्फबारी हुई जबकि कल्पा, कुकुमसेरी, नारकंडा और केलोंग में मामूली बर्फबारी देखने को मिली। स्थानीय मौसम विभाग ने अगले छह दिन यानी 12 फरवरी तक राज्य में शुष्क मौसम की संभावना जताई है।

पंजाब, हरियाणा में कड़ाके की ठंड जारी
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में ठंड का प्रकोप जारी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से नीचे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब के अन्य स्थानों में अमृतसर में तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमशः 6.9 और 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। करनाल का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से चार डिग्री कम था। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

कश्मीर घाटी में तीव्र शीत लहर से राहत नहीं
कश्मीर में मंगलवार को तीव्र शीत लहर की स्थिति से कोई राहत नहीं मिली क्योंकि घाटी में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, कश्मीर में मंगलवार सुबह मौसम में सुधार हुआ। लगभग चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के बाद घाटी में सूरज चमक गया। दक्षिण कश्मीर में पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 11. डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह कल रात घाटी में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
">