Weather Update: अगले चार से पांच दिनों तक भीषण ठंड, शीतलहर की चपेट में राजस्थान, जानें आज का मौसम अलर्ट
देश में बर्फबारी, बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है कि मध्य भारत में 10 से 13 फरवरी तक, तथा पूर्वी भारत में 13-15 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. 10-14 तारीख के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, 10 और 11 तारीख को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में छिटपुट हल्की वर्षा होने की संभावना है. 11 और 12 को ओडिशा; 12 से 15 फरवरी के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और 13 से 15 फरवरी के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है.
कश्मीर में शीतलहर से राहत नहीं
कश्मीर में जारी शीत लहर की स्थिति से शुक्रवार को भी लोगों को कोई राहत नहीं मिली क्योंकि घाटी के अधिकांश स्थानों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्कीइंग रिजॉर्ट में पारा शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में बृहस्पतिवार रात को घाटी का सबसे कम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
अगले चार से पांच दिनों तक भीषण ठंड
कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी है. मौसम कार्यालय ने 14 फरवरी तक रात में आसमान साफ रहने के साथ शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है, जिसका मतलब है कि कम से कम अगले चार से पांच दिनों तक भीषण ठंड जारी रहने की संभावना है. वहां पर भीषण सर्दी ‘चिल्लई कलां’ की 40 दिन की अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन कश्मीर में शीतलहर जारी है. घाटी इस समय 20 दिन के ‘चिल्लई-खुर्द’ की चपेट में है, जिसके बाद 10 दिन के ‘चिल्लई-बच्चा’ (हल्की ठंड) का दौर आएगा.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिन में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 137 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है.
शीतलहर की चपेट में राजस्थान
राजस्थान में पिछले कई दिन हुई बारिश व बूंदाबांदी से कई इलाके एक बार फिर शीतलहर की चपेट में आ गए. विभाग के मुताबिक, बीती रात फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले कई दिन बारिश व बूंदाबांदी से एक बार फिर ठंड बढ़ गयी. मौसम विभाग के अनुसार, बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा हालांकि कई इलाकों में शीतलहर देखी गई. विभाग के मुताबिक, सीकर में 2.7 डिग्री, करौली व बांसवाड़ा में तीन डिग्री, चूरू व भीलवाड़ा में 3.5 डिग्री, पिलानी में 4.5 डिग्री, अलवर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
.png)