Fastag Fraud Trick :टोल टैक्स बचाने को लगाए जा रहे कैसे-कैसे जुगाड़,नई फास्टैग फ्रॉड ट्रिक का खुलासा
Fastag Fraud Trick: What kind of tricks are being used to toll tax co-plant, new Fastag fraud trick revealed
दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर के बदरपुर टोल प्लाजा पर ट्रक चालक ज्यादा टोल टैक्स देने से बचने को टोल प्लाजा पार करने के लिए कार आदि वाहनों के फास्टैग का सहारा ले रहे हैं। टोल कंपनी की जांच में पिछले छह माह के दौरान इस तरह के फर्जीवाड़े के 22 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। फास्टैग की केवाईसी (नो योअर कस्टमर) न होने के कारण ट्रक चालक ये फर्जीवाड़ा कर रहे थे।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने फास्टैग केवाईसी पर सख्ती की है जिससे इस तरह के फर्जीवाड़े पर लगाम लग सकेगी। बदरपुर फ्लाईओवर पर रात 11:00 बजे से ट्रकों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। रात के वक्त यहां पर कार आदि के मुकाबले ट्रकों की संख्या ज्यादा होती है। ट्रकों की संख्या ज्यादा होने के कारण टोल प्लाजा बूथ पर बैठे कर्मियों का ध्यान भी ट्रकों को जल्दी-जल्दी टोल प्लाजा से पार करवाने पर होता है।
पिछले छह माह के अंदर टोल कर्मियों ने 22 से ज्यादा ऐसे ट्रकों की पहचान की है, जिनके फास्टैग पर रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर अलग-अलग थे। केवाईसी न होने के कारण ट्रक चालक आसानी से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे पा रहे थे। इसके अलावा कुछ चालक अपने फास्टैग को अपने वाहन के शीशे पर चिपकाने से बचते हैं। जब टोल प्लाजा आता है तो ये फास्टैग को हाथ में लेकर शीशे पर लगा देते हैं। इसके बाद से टोल पार कर लेते हैं। टोल कर्मियों ने ऐसे भी कई वाहन चालकों से पूछताछ की है। वाहन चालकों ने टोल कर्मियों को बताया है कि उनके पास कई वाहन हैं, लेकिन वह फास्टैग सिर्फ एक ही प्रयोग करते हैं। उधर, कुछ ऐसे भी वाहन चालक हैं, जिन्होंने चार से पांच फास्टैग बनवाए हुए हैं, लेकिन अब एक वाहन पर एक ही फास्टैग मान्य रहेगा।
सबसे नवीनतम वाला फास्टैग चलेगा
जिन वाहन चालकों ने चार से पांच फास्टैग बनवाए हुए हैं उनके वाहन पर अब सबसे नवीनतम फास्टैग मान्य होगा। इससे पहले बनवाए गए सभी फास्टैग बंद हो जाएंगे। एनएचएआई ने ‘एक वाहन- एक फास्टैग’ पहल शुरू की है। बदरपुर टोल प्लाजा पर 24 घंटे में करीब 80 हजार वाहन गुजरते हैं।
टोल टैक्स बूथों से घिरा है शहर
अपना शहर फरीदाबाद चारों ओर टोल टैक्स बूथों से घिरा है। गुरुग्राम-फरीदाबाद एक्सप्रेसवे, सोहना-बल्लभगढ़, दिल्ली-आगरा हाईवे, केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे (यह एक्सप्रेसवे शहर से दिल्ली तक टोल टैक्स मुक्त रहेगा), जेवर के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए बनाए जा रहे ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर भी वाहन चालकों को अपनी जेब हल्की करनी होगी। हालांकि, प्रदेश सरकार गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर टोल टैक्स खत्म करने का ऐलान कर चुकी है।
-संजीव कुमार, प्रबंधक, बदरपुर फ्लाईओवर टोल प्लाजा, ''भारी वाहनों पर टोल टैक्स ज्यादा होता है। इस वजह से ट्रक चालक कार आदि वाहनों के फास्टैग ट्रकों पर लगा लेते हैं। पिछले छह माह में काफी मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे वाहन चालकों की पुलिस को शिकायत दी गई है।''
.png)