कैथल में अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहेब के संविधान को तोड़ने में लगी: डॉ. सुशील गुप्ता
कोर्ट के आदेशों की उल्लंघना करके अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार किया गया: डॉ. सुशील गुप्ता
सभी 10 लोकसभा सीटों पर होगी "इंडिया" गठबंधन की जीत: डॉ. सुशील गुप्ता
कैथल, 26 मार्च
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नेतृत्व "इंडिया" गठबंधन से कुरुक्षेत्र लोकसभा के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने किया। उनके साथ जिला अध्यक्ष गज्जन सिंह, मास्टर सतबीर गोयत और सतबीर चहल समेत आम आदमी पार्टी के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। पेहवा चौक से जैसे ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बीजेपी ऑफिस के घेराव के लिए आगे बढ़े। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उनको वहीं रोक लिया। पुलिस और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक खींचतान चली। जैसे ही प्रदर्शन उग्र हुआ पुलिस ने आम आदमी पार्टी के इंडिया गठबंधन के तहत प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता को कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में ले लिया।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहेब के संविधान को तोड़ने में लगी है। उन्होंने कहा अरविंद केजरीवाल पूरे देश के नेता थे। वे पूरे देश में बेहतर शिक्षा, बेहतर चिकित्सा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और विकसित और शिक्षित भारत चाहते हैं। कोर्ट के आदेशों की उल्लंघना करके अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार किया है। सारे नोटिस जब डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने स्टे कर दिए और उसके बाद एक नया नोटिस दिया। इस नोटिस के अगेंस्ट भी अरविंद केजरीवाल हाइकोर्ट गए, हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार नहीं किया अरविंद केजरीवाल जी को चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए ईडी ने रातों रात गिरफ़्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि गिरफ़्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन किया, पुलिस की बर्बरता से करीब 150 लोग घायल हुए।नेताओं को राजनीतिक निशाना बनाया गया, मेरे ऊपर भी इन्होंने जानलेवा हमला किया शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में लोगों के ऊपर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इस बर्बरता के विरोध में आज पूरे हरियाणा के हर जिले के अंदर प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने कहा बीजेपी चारों तरफ लट्ठ का राज कर रही है। किसानों, सरकारी कर्मचारी, सरपंचों इन्होंने कोई ऐसा वर्ग नहीं छोड़ा जिन पर लट्ठ नहीं चलाई गई, आज बीजेपी का लट्ठ तंत्र है, इसको खत्म करके लोकतंत्र की बहाली के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा बीजेपी झूठे बयान दिलवा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डर ही अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से लगता है। उनको पता है बीजेपी के भ्रष्टाचार का खात्मा अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ही करेगी, भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम अरविंद केजरीवाल ही करेंगे। इसलिए अरविंद केजरीवाल और हमारे सारे ईमानदार नेताओं को फ़र्ज़ी केस में जेल में डाल रही है, 2 साल से गिरफ़्तारी कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा ये मुकदमा चार दिन भी कोर्ट में नहीं चलेगा।
उन्होंने कहा बीजेपी लगातार इन बातों की परवाह किए बिना चुनाव की घोषणा होने के बाद चुनाव प्रचार से रोकने के लिए अरविंद केजरीवाल जी को तंग कर रही थी, बीजेपी अरविंद केजरीवाल के शरीर को तो गिरफ़्तार कर लेगी लेकिन उनकी सोच को कैसे गिरफ़्तार करेगी।अरविंद केजरीवाल को चाहे जेल में डाले, लाखों अरविंद केजरीवाल आज हिन्दुस्तान को विकसित होना देखना चाहते हैं, इंडिया गठबंधन हरियाणा की सभी 10 सीटों पर जीतेगा और बीजेपी का प्रदेश से खात्मा होगा।