पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि पर हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा
विधायक नैना चौटाला ने दी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि
Apr 6, 2024, 13:28 IST
कहा, बुजुर्गों के लिए लागू की पेंशन योजना बनी है देश में नजीर
सिरसा। देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल की 23वीं पुण्यतिथि पर बाढड़ा की विधायक नैना चौटाला ने जेजेपी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ चौधरी देवीलाल सामुदायिक पार्क में स्थापित चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सर्वधर्म प्रार्थना सभा भी आयोजित की गई जिसमें सभी पंथों के सभी धार्मिक आचार्यों ने अपने अपने पंथ के अनुसार दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रभु से कामना की। इस अवसर पर विधायक नैना चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने न केवल देश की आजादी के लिए जेल काटी बल्कि हरियाणा के मुख्यमंत्री व देश के उपप्रधानमंत्री के तौर पर किसान, श्रमिक, पिछड़े, खेतीहर मजदूर, बुजुर्गों सहित तमाम वर्गों के हितों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं बनाकर उन्हें लागू किया जिससे उनका जीवन बेहतर हुआ। किसानों के ऋण माफ करके उन्होंने भारतीय राजनीति में किसान हितैषी होने का सबसे बड़ा उदाहरण दिया। विधायक नैना चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल द्वारा बुजुर्गों के हित के लिए लागू की गई पेंशन योजना आज पूरे देश में बुजुर्गों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों की श्रेणी में नजीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी को चौधरी देवीलाल के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज व देश को उन्नत बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं कालांवाली, डबवाली, ऐलनाबाद व रानियां हलके में भी जेजेपी कार्यकर्ताओं ने चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई।
WhatsApp
Group
Join Now
Telegram
Group
Join Now
.png)
