दलित विरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही भाजपा सरकार: कृष्ण जमालपुर
दलित विरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही भाजपा सरकार: कृष्ण जमालपुर
सिरसा। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि आजादी के 75 वर्षों बाद भी दलित प्रतिनिधि अपने समाज के नहीं, बल्कि पार्टी के एजेंडे के प्रतिनिधि बनकर रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि डा. अम्बेडकर द्वारा दलितों की सबसे बड़ी राजनीतिक हार बताए गए पूना पैक्ट के दुष्परिणाम आज भी दलित समाज भुगत रहा है।
चोपटा स्थित धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में कृष्ण जमालपुर ने कहा कि हरियाणा के सामाजिक न्याय राज्यमंत्री कृष्ण बेदी और भाजपा नेता कृष्ण लाल पवार आरएसएस की विचारधारा के पोषक
और डा. अम्बेडकर की विरासत का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने बेदी द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दलितों का भाग्यविधाता बताने को निंदनीय और अम्बेडकरवाद से विश्वासघात बताते हुए कहा कि हरियाणा के विश्वविद्यालयों में आरक्षण नीति और रोस्टर प्रणाली में भारी अनियमितताएं हैं
फिर भी सरकार और मंत्री चुप हैं। एमडीयू सहित अनेक संस्थानों में दलितों के लिए आरक्षित पद खाली पड़े हैं या जानबूझकर उन्हें भरने में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने विश्वविद्यालयों में दलित वाइस चांसलर की अनुपस्थिति, रोस्टर में हेराफेरी तथा सेवा विभाग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए।
बीएसपी नेता कृष्ण जमालपुर ने कहा कि सत्ता में बैठे तथाकथित दलित नेता अब अम्बेडकरवाद के अनुयायी नहीं सत्ता के दलाल बन गए हैं।
दलित समाज को रेवडिय़ां नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार चाहिए। उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालयों में आरक्षण नीति की सख्ती से पालना हो, वर्ष 1976 से अब तक का वास्तविक रोस्टर सार्वजनिक किया जाएए बैकलॉग भर्तियों को प्राथमिकता से भरा जाए और दलित समाज को प्रशासनिक पदों पर समान अवसर मिले।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जवाब नहीं दिया तो दलित समाज सडक़ों पर और चुनावों में इसका माकूल जवाब देगा। इसके बाद उन्होंने पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ऐलनाबाद एडवोकेट रविंद्र बाल्यान के निवास स्थान माखोसरानी पर पहुंचकर जलपान ग्रहण किया।
इस मौके पर प्रदेश प्रभारी रामसिंह प्रजापति, कोषाध्यक्ष प्रेम राठी, जिला प्रभारी धर्मपाल माखोसरानी, जिला अध्यक्ष भूषण बराड़, प्रदीप कागदाना, रामधन बौद्ध, पुष्पेंद्र शास्त्री, प्रभाती रुपाणा व अन्य मौजूद थे।
.png)