logo

मुख्यमंत्री सैनी ने असम के गुवाहटी के मां कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना-देश व प्रदेश के लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की

उज्ज्वल भविष्य की कामना की
XXX
मुख्यमंत्री सैनी ने असम के गुवाहटी के मां कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना-

मुख्यमंत्री सैनी ने असम के गुवाहटी के मां कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना
-देश व प्रदेश के लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की



हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ असम के गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली व प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा भी मौजूद रहे। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे मां के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि वे चुनाव से पहले भी कामाख्या मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे और आज एक बार फिर मां के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्होंने माता से कामना की है कि सभी प्रदेशवासी स्वस्थ रहें और हरियाणा प्रदेश के विकास की इस गाथा में मजबूती से अपना योगदान देते रहें। उन्होंने कहा कि हमें जो बहुमत मिला है, उसके लिए मैं प्रदेशवासियों का धन्यवाद करता हूं।
सैनी ने कांग्रेस पर लगाई आरोपों की झड़ी


बाद में मीडिया से बातचीत में नायब सैनी ने कहा कि यह कांग्रेस की परंपरा रही है कि जब इनको सफलता नहीं मिलती है तो ई.वी.एम. पर प्रश्रचिह्न लगाते हैं, परंतु हरियाणा में यह मोदी जी की नीतियों की जीत और कांग्रेस के झूठ की हार है। देश की जनता समझ चुकी है। कांग्रेस का झूठ अब बिकने वाला नहीं है। अब तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी ही देश में चल रही है और उनकी गारंटी पर जनता को भरोसा है। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले दस वर्षों में देश का नाम दुनिया में चमकाया है और हमारा भारत एक गति से आगे बढ़ा है। हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि आदरणीय मोदी जी का जो 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प है, उसमें हरियाणा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।


16 को चुना जाएगा विधायक दल का नेता


खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 16 अक्तूबर को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थिति रहेंगे और उनकी देखरेख में ही भाजपा विधायक अपने नए नेता का चयन करेंगे और 17 अक्तूबर को पंचकूला में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा। सैनी ने प्रदेश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश को लेकर आभार व्यक्त किया। इसी तरह से सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी असम के गुवाहटी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकत्र्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर असम एवं त्रिपुरा के संगठन मंत्री रविंद्र राजू और असम सरकार में कैबिनेट मंत्री  अशोक सिंघल सहित सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हरियाणा में भाजपा की शानदार जीत की बधाई दी। इस मौके पर भाजपा प्रदेश इकाई की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।


मां कामाख्या मंदिर में पूजा अर्चना करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व उनकी पत्नी सुमन सैनी।



गुवहाटी में असम प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में उपस्थित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य नेता।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
">