logo

फतेहाबाद में मुख्यमंत्री ने रोड शो के जरिए बदले चुनावी समीकरण

सडक़ों पर भाजपा के समर्थन में उतरा जनसैलाब मोदी की नीतियों पर लगा रहा मुहर: नायब सिंह सैनी
 
zxxxxxxxa
रोड शो में युवाओं, बड़े-बुढ़ों व महिलाओं ने लगाया नारा, अबकी बार फिर मोदी सरकार
 

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान को लेकर महज अब कुछ घंटे ही शेष रह गए हैं। ऐसे में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने गुरुवार को प्रचार के आखिरी दिन जहां रैलियों, सभाओं व बैठकों का दौर जारी रहा वहीं सिरसा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी डा. अशोक तंवर के समर्थन में रोड शो भी निकाले गए। इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में फतेहाबाद में रोड शो निकाला गया। इस रोड में पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा व सिरसा के हलोपा सुप्रीमो एवं विधायक गोपाल कांडा ने भी शिरकत की और डा. अशोक तंवर के लिए वोटों की अपील की। अहम बात ये रही कि इस रोड शो में फतेहाबाद की सडक़ों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने 10 सालों में विकास की दृष्टि से नए आयाम स्थापित किए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याणकारी नीतियों का ही परिणाम है कि जहां देशभर में भाजपा 400 पार के साथ सरकार बनाएगी वहीं नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के जरिए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 10 वर्षों देश में 24 एम्स स्थापित कर  स्वास्थ्य की दिशा में भी अहम काम इस सरकार ने किए हैं। नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने इंदिरा गांधी के समय में गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, लेकिन गरीबी नहीं हटी वहीं नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में इस पर ठोस काम करते हुए 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है।  किसानों के हितार्थ भी केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने अनेक कल्याणकारी कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में अगर किसान की फसल खराब हुई तो उसे सरकार ने साढ़े 12 हजार करोड़ रुपए मुआवजा दिया गया। कांग्रेस सरकार में यदि किसान की फसल खराब होती थी तो उन्हें 2-2 रुपए चेक दिए जाते थे। उन्होंने कहा कि पहले साढ़े 9 वर्षों में मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ और विकास को रफ्तार मिली। सी.एम. सैनी ने भाजपा के शासनकाल को प्रत्येक वर्ग के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि हरियाणा पढ़ी-लिखी पंचायत वाला देश का एकमात्र राज्य है और महिलाओं को पंचायत में 50 प्रतिशत की भागीदारी दी गई है। योग्यता के आधार पर 1 लाख 40 हजार सरकारी नौकरियां दी गई हंै। उन्होंने कहा कि अब गरीबों को ईलाज के लिए किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं रही। गरीब मान सम्मान के साथ अपना ईलाज करवा सकते हैं। पहले गैस सिलेंडर के लिए 3-3 दिन तक लाइन में लगना पड़ता था, अब सरकार घर द्वार पर गैस पहुंच रही है। महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत नि:शुल्क सिलेंडर दिए जा रहे हैं। सर्दी हो, गर्मी हो या बरसात हो, सिलेंडर के लिए लोगों को लाइन में नहीं लगना पड़ता। सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में गरीबों के बैंक में खाते नहीं खोले जाते थे, उन्हें अपमान सहना पड़ता था, पिछले दस सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 50 करोड़ महिलाओं के जीरो बैलेंस पर बैंक में खाते खुलवाए। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए पूर्णनिष्ठा भाव के साथ काम कर रही है जबकि राहुल गांधी दिल्ली में बैठकर उपहास उड़ाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में कांग्रेस 272 सीटों पर तो चुनाव ही नहीं लड़ रही और सरकार बनाने की बात करती है। 2029 में इनकी सीटें और सिकुड़ जाएंगी और धीरे धीरे कांग्रेस पूर्ण रूप से समाप्त हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को न तो गरीबों की चिंता है और न ही किसानों की, अपना परिवार बचाने और भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए इन्होंने इंडी गठबंधन बनाया है। देश को नई दिशा देना और इसे उन्नति और प्रगति के पथ पर निरंतर गतिशील रखना ही मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 400 पार का संकल्प लिया है।
साढ़े 500 साल के सपने को मोदी ने किया साकार: डा. अशोक तंवर
फतेहाबाद में निकाले गए रोड शो में उमड़े भारी जनसैलाब को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी डा. अशोक तंवर ने कहा कि ये चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है। यह तीन-चार पीढिय़ों के भविष्य निर्धारण का चुनाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन दस सालों में एक मजबूत बुनियाद रखी जिसके कारण पूरे विश्व में देश ने एक अलग पहचान कायम की है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के घरों में शौचालय बनवाए। 14 करोड़ घरों में स्वच्छ जल पहुंचाया। आयुष्मान के जरिए गरीब का ईलाज किया जा रहा है। डा. अशोक तंवर ने कहा कि किसानों के खाते में सिरसा संसदीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 4500 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। हर साल किसानों के खाते में सम्मान निधि का पैसा जमा हो रहा है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से आज करोड़ों घरों में महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिली है। डा. तंवर ने कहा कि इसके अलावा 550 साल पुराना राम मंदिर का संकल्प पूरा हुआ है। धारा 370 को समाप्त किया गया। तीन तालाक का कानून समाप्त किया गया। डा. तंवर ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर जैसा ऐतिहासिक कार्य हुआ। उन्होंने देश के स्वर्णिम भविष्य के लिए तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।
सैलाब ने घोषित कर दिया सिरसा संसदीय क्षेत्र का परिणाम: कुलदीप बिश्नोई
पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने फतेहाबाद की सडक़ों में आए जनसैलाब को देखकर कहा कि यहां पहुंचे इन लाखों लोगों ने सिरसा संसदीय क्षेत्र का परिणाम बता दिया है। उन्होंने कहा कि जहां नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे वहीं सिरसा संसदीय क्षेत्र की भी सरकार में भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि इस सैलाब में दिख रही युवाओं की भारी भीड़ इस बात का गवाह है कि युवाओं को प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर ही भरोसा है क्योंकि भाजपा की प्रदेश सरकार में जहां बिना पर्ची-बिना खर्ची मैरिट के आधार पर सरकारी नौकरी मिली तो केंद्र सरकार की नीतियों के कारण नौकरियों के साथ साथ रोजगार के अवसर मिले। गरीबों को प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत छत मुहैया करवाई। कोरोना काल में गरीबों के लिए 5-5 किलो अनाज की योजना शुरू की जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने 5 साल और बढ़ा दिया। गरीबों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक के नि:शुल्क ईलाज की सुविधा प्रदान की। जबकि कांग्रेस सरकार ने देश व प्रदेश को लूटने का ही काम किया। गरीबों के राशनकार्ड तक नहीं बनाए गए। मैरिट में आए युवाओं की नौकरियां पूर्व की सरकार ने लूट ली। एन.सी.आर. में हुड्डा शासन में सैक्शन 4 व 6 का डर दिखाकर जमकर लूट मचाई गई।


पूरे विश्व में बज रहा भारत के नाम का डंका: दुड़ा राम
फतेहाबाद के विधायक चौ. दुड़ाराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल नीतियों और मजबूत नेतृत्व के कारण पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। देश और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने सबका साथ-सबका विकास की नीति के आधार पर हर पिछड़े, गरीब, दलित वर्ग के साथ साथ सभी वर्गों के लिए ऐसी योजनाओं को धरातल पर लागू किया जिसकी बदौलत आज सभी वर्ग आर्थिक उन्नति की राह पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के साथ देश और देशवासियों को सम्मान के साथ प्रगति के पथ तक पहुंचाया है। आज पूरे विश्व में भारत देश के नाम का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की इस रफ्तार को जारी रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरी बार सत्ता में आना जरूरी है।


तंवर किसान और सैनिक के बेटे: नापा
रतिया से भाजपा विधायक लक्ष्मण नापा ने कहा कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे डा. अशोक तंवर एक किसान और सैनिक के बेटे हैं। उन्होंने हमेशा ही जनहित में संघर्ष किया है और आपकी आन-बान-शान में कभी कमी नहीं आने देंगे। नापा ने लोगों को 25 मई के दिन कमल के फूल का बटन दबाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश की तमाम 10 सीटों पर कमल खिला दो, मोदी जी आपकी जिंदगी में बहार ला देंगे। इस बार हमने 400 पार का विजन और लक्ष्य रखा है। हमारा भरपूर प्रयास है कि हरियाणा जैसे छोटे प्रदेश की बड़ी हिम्मत मोदी जी की झोली में पूरी 10 सीटें देने का काम करेगी।


मजदूरों के हाथ काटकर कांग्रेस ने अपना चुनाव निशान बनाया: कांडा
हलोपा सुप्रीमो एवं सिरसा से विधायक गोपाल कांडा ने कहा कि मेहनतकशों के हाथ काटकर कांग्रेस ने अपना चुनाव निशान हाथ बनाया है। इस हाथ को छोडक़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करें ताकि देश सही हाथों में रहे और ताकत के साथ आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने जहां देश को जल, थल, नभ हर जगह ताकतवर बनाया है वहीं चंद्रयान और गगनयान का सौभाग्य देश को दिया है। आज हमारा रक्षा तंत्र इतना मजबूत है कि पूरी दुनिया उससे खौफ खाती है। प्रधानमंत्री ने देश का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ाया है।


स्वर्णकार समाज फतेहाबाद ने किया नायब वा तंवर का नायाब अभिनंदन
चुनाव प्रचार के आखरी दिन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज सिरसा लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉक्टर अशोक तंवर के लिए फतेहाबाद शहर में विशाल रोड शो का आयोजन किया और वोटों की अपील की। इस मौके पर उनके साथ  विधायक सिरसा गोपाल कांडा, फतेहाबाद के विधायक दुडाराम, वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी कुलदीप बिश्नोई, जिला प्रधान बलदेव ग्रोहा सहित अनेक दिग्गज नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस मौके पर स्वर्णकार समाज फतेहाबाद ने भी मुख्यमंत्री और डा. अशोक तंवर का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर स्वर्णकार सभा के संरक्षक राजेंद्र प्रसाद रोडा एवम प्रधान दीना नाथ देवाल ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता पटेल सोनी, सुंदर दास सोनी, भूपेंद्र सोनी, सुरजीत सोनी, बजरंग सोनी, जोगेंद्र भामा, बंटी सहदेवडा, मीत सोनी, राजेश सोनी, राजू सोनी, मदनलाल सोनी, राजेश सोनी सहित स्वर्णकार समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री एवं डा. तंवर ने समाज के सभी लोगो का आभार जताया।
फतेहाबाद में विधायक गोपाल कांडा ने किया सी.एम नायब सैनी का स्वागत


फतेहाबाद में वीरवार को भाजपा उम्मीदवार डा. अशोक तंवर के समर्थन में रोड शो का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। एम.एम कालेज परिसर में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी का विधायक गोपाल कांडा, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्रोई, फतेहाबाद के विधायक दूडाराम आदि ने उनका स्वागत किया।  विधायक गोपाल कांडा ने उन्हें बुके भेंट किए। इस मौके पर गोपाल कांडा के साथ तेजप्रकाश बांसल एडवोकेट, अरविंद गर्ग बिंदू, राजीव कुमार अनिल जमलिया, मोहित जोशी, लक्ष्मण गुज्जर,  विजय यादव सुरेंद्र जाखड, राकेश सहारण आदि मौजूद थे। गोपाल कांडा, दूडाराम और कुलदीप बिश्रोई के बीच चुनाव को लेकर चर्चा हुई। बाद में वे सभी लोग रोड शो में शामिल हुए।

Click to join whatsapp chat click here to check telegram