logo

आम आदमी पार्टी को लगा बड़ा झटका कांग्रेस में शामिल हुई आप नेता शीतल मान

आम आदमी
 
XVCS
शीतल मान

सिरसा। आम आदमी पार्टी का उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब महिला प्रदेश उपाध्यक्ष शीतल मान ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की महासचिव कुमारी  शैलजा   के नेतृत्व में दिल्ली में कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता को अपना त्यागपत्र भेजने के बाद शीतल मान ने अपने समर्थकों से बातचीत करने के बाद कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया। उन्होंने दिल्ली में इस सिलसिले में कुमारी शैलजा से मुलाकात कर उनकी अगुवाई में जनहित के मुद्दों को लेकर आगे की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया।

कुमारी सैलजा ने शीतल मान को कांग्रेस पार्टी में पूरा मान सम्मान देने की बात कहते हुए इसे घर वापसी करार दिया। ज्ञात रहे कि आम आदमी पार्टी में जाने से पहले शीतल मान 2004 से 2008 तक युवा कांग्रेस व  2018 से 2021 तक प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव रह चुकी हैं और उनकी छवि जुझारू और ऊर्जावान कार्यकर्ता की रही है शीतल मान ने इस मौके पर कहा कि आज देश भयंकर संकट के दौर से गुजर रहा है। किसान- मजदूर, महिला, युवा समेत सभी वर्ग सरकार का उत्पीड़न झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंक सकती है। इसलिए उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुनखड्गे की नीतियों से प्रभावित होकर 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने वाली

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी में सम्मिलित होने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने महिला न्याय गारंटी तहत कांग्रेस 5 घोषणाएं की हैं जिसमें महालक्ष्मी गारंटी के तहत हर गरीब परिवार की एक-एक महिला को सालाना 1 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। आधी आबादी पूरा हक के मद्देनजर केंद्र सरकार के स्तर पर होने वाली आधी नई भर्तियों पर महिलाओं का अधिकार होगा।  शीतल मान ने कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर आंगनवाड़ी, आशा और मिड डे मील कार्यकर्ताओं की मासिक आय में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना किया जाएगा। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनकी मदद के लिए हर पंचायत में एक पैरालीगल की नियुक्ति की जाएगी।

इसके साथ जिला मुख्यालयों पर कामकाजी महिलाओं के लिए कम से कम एक छात्रावास का निर्माण करेगी। देशभर में इन हॉस्टलों की संख्या दोगुनी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं को लेकर महिलाओं में बड़ा उत्साह है और लोकसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन को बड़ा फायदा होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी वे उसको पूरी निष्ठा से निभायेंगी।

Click to join whatsapp chat click here to check telegram