logo

मुख्यमंत्री पर सत्ता का घमंड सिर चढ़ कर बोल रहा है: अभय सिंह चौटाला

The arrogance of power is speaking on the Chief Minister: Abhay Singh Chautala
अभय सिंह चौटाला

कहा - मुख्यमंत्री जिस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं उससे यह प्रतीत होता है कि वे मानसिक रूप से परेशान हैं

मुख्यमंत्री ने एक व्यक्ति को सभा से बाहर उठा कर फैंकने और उसे पीटने तक का फरमान सभी के सामने सुना दिया, वहीं उनके आदेशों पर महिला सरपंच को बड़ी बेशर्मी के साथ धक्के दे कर मंच से नीचे उतार दिया गया

असल में मुख्यमंत्री को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है, बस जन संवाद के नाम पर सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां स्वार्थ की राजनीति करती हैं लेकिन हमने हमेशा लोकहित की राजनीति की है और जो लोकहित की बात करेगा, वही जनता का राज करेगा

 

 

भिवानी, 15 मई।  इनेलो की ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ सोमवार को 74वें दिन में प्रवेश कर गई। जिला भिवानी के बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जैसे ही इनेलो की पदयात्रा पहुंची तो ग्रामीणों ने इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला के समर्थन में जोरदार शंखनाद किया। अभय चौटाला ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा गठबंधन की यह सरकार अब थोड़े दिनों की मेहमान रह गई है। आगामी चुनावों में देश और प्रदेश से भाजपा का सफाया निश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनो ही पार्टियां स्वार्थ की राजनीति करती हैं लेकिन हमने हमेशा लोकहित की राजनीति की है और जो लोकहित की बात करेगा, वही जनता का राज करेगा। 
इनेलो नेता ने सिरसा में मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लोगों की जो जायज मांगें हैं उनको तो अनसुना कर रहे हैं और सिर्फ उन्ही की बातें सुन रहे हैं जो उनके अनुकूल होती हैं और जिन्हे पहले से चिह्नित किया जाता है।

असल में मुख्यमंत्री को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है, बस जनसंवाद के नाम पर सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। 
इनेलो नेता ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर लोगों के साथ जिस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं वह बेहद निंदनीय है। उनकी भाषा से यह प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री मानसिक रूप से परेशान हैं। मुख्यमंत्री पर सत्ता का घमंड सिर चढ़ कर बोल रहा है। खैरकां गांव में जब किसानों ने अपनी बात रखनी चाही तो उन पर लाठीचार्ज करवा दिया। यही नहीं मुख्यमंत्री ने एक व्यक्ति को सभा से बाहर उठा कर फैंकने और उसे पीटने तक का फरमान सभी के सामने सुना दिया। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देनी वाली भाजपा आज बेटियों पर अत्याचार कर रही है। सिरसा के बणी गांव में मुख्यमंत्री के आदेशों पर महिला सरपंच को बड़ी बेशर्मी के साथ धक्के दे कर मंच से नीचे उतार दिया गया। महिला पहलवान न्याय के लिए धरने पर बैठी हैं और उनके बारे में भी मुख्यमंत्री ओछी टिप्पणी कर चुके हैं।

वहीं प्रदेश की बेटी जूनियर कोच को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उसे न्याय देने के बजाय जान से मारने तक की धमकियां दी जा रही हैं। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को इस जनविरोधी शासन से छुटकारा दिलाने के लिए ही यात्रा शुरू की है। परिवर्तन की यह हवा हरियाणा से शुरू हुई है और इसका पूरा असर देश की राजनीति पर भी पड़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा किए गए इस स्वागत के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इनेलो पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है और पार्टी का हर कार्यकर्ता बड़े जोश के साथ पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इनेलो बदलाव के इस समय में एक नया इतिहास रचेगी। प्रदेश के लोग इनेलो को सत्ता की चाबी सौंपने के लिए विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विस चुनाव के बाद प्रदेश मेें भाजपा का कोई नामलेवा तक नहीं रहेगा।

Click to join whatsapp chat click here to check telegram