IMD | Cold Wave उत्तर और पूर्वी भारत में कड़ाके की ठंड का कहर
IMD | Cold Wave
उत्तर और पूर्वी भारत में कड़ाके की ठंड का कहर
उत्तर भारत में ठंड ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। एनसीआर सहित कई क्षेत्रों में बुधवार सुबह घने कोहरे का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने दिल्ली में घने कोहरे और तापमान में गिरावट की चेतावनी दी है। राजधानी में अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम तापमान 7°C के आसपास रहने की संभावना है।
कश्मीर में पानी की पाइपलाइनें जमीं
कश्मीर में ठंड ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है। श्रीनगर में पाइपलाइनें जमने से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। वहीं, झारखंड के कांके में न्यूनतम तापमान 2.5°C तक गिर गया है।
दिल्ली-एनसीआर: ठंड और प्रदूषण से हाल बेहाल
दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के फेज 4 के नियम लागू कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 22 दिसंबर तक एनसीआर में घने कोहरे के साथ न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में शीतलहर का कहर
हिमाचल प्रदेश के चार जिलों के निचले इलाकों में शीतलहर के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, और मंडी जिलों में कड़ाके की ठंड का असर जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर में 26 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप
राजस्थान के कई इलाकों में ठंड ने लोगों को कंपा दिया है। बीते 24 घंटे में फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 0.1°C तक दर्ज किया गया। सांगरी, करौली और पिलानी जैसे क्षेत्रों में भी पारा गिरकर बेहद कम स्तर पर पहुंच गया है।
महाराष्ट्र और तमिलनाडु में मौसम के बदलते तेवर
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान एक अंक तक गिर गया है। पुणे के बारामती में तापमान 7.8°C रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
देश के अलग-अलग हिस्सों में ठंड और बदलते मौसम के प्रभाव को देखते हुए सतर्क रहना आवश्यक है।
.png)