lस्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों के अधिकारों पर लाठीचार्ज!
हिसार--- 15/08/2026
देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पूरे देश में आजादी, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की बात हो रही है। लेकिन हिसार में आज तस्वीर कुछ अलग दिखाई दी। जीवन कुंड हत्याकांड में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध करने जा रहे किसानों और प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। खबर के मुताबिक, कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। सिसाय पुल पर पुलिस की कार्रवाई और लाठीचार्ज की बात भी सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया।
सवाल यह है कि जिस दिन देश नागरिकों को मिले अधिकारों और लोकतंत्र की आजादी का जश्न मना रहा है, उसी दिन अपने हक और न्याय की आवाज उठाने वालों को सड़क पर क्यों रोका जा रहा है? जीवन कुंड हत्याकांड को लेकर लोगों में पहले से नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हो रही है। दूसरी तरफ पुलिस ने विरोध करने वालों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में बैरिकेडिंग और नाकाबंदी कर दी। यानी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की रफ्तार पर सवाल, लेकिन प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस पूरी ताकत के साथ सड़क पर। हरियाणा सरकार को बताना चाहिए कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले नागरिकों से सरकार को इतनी परेशानी क्यों है? अगर लोगों की मांग गलत है तो सरकार जवाब दे, लेकिन सवाल पूछने वालों के रास्ते में बैरिकेड लगाना और लाठी चलाना समाधान नहीं हो सकता। हांसी में जिस तरह विरोध करने जा रहे लोगों को रोका गया, उसने सरकार और हरियाणा पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है और न्याय की मांग कर रहे लोगों के खिलाफ इतनी सख्ती क्यों दिखाई जा रही है। आज तिरंगे के नीचे आजादी का जश्न मनाया जा रहा है, लेकिन हिसार की सड़कों पर नागरिकों की आवाज बैरिकेड के पीछे क्यों खड़ी है?
.png)
